प्रदेश में तैयार होंगे 50 हज़ार हरित घर, मालिकों को दिया जाएगा इनाम
राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि छत्तीसगढ़ समिति ने पर्यावरण को बचाने के लिए अनोखी मुहिम छेड़ी है। इसके लिए प्रदेश में 50 हजार हरित घर बनाए जाएंगे। इन घरों का चयन कर लिया गया है। ये घर हरित घर के मानक पर खरे उतर रहे हैं कि नहीं, इसकी जांच समिति के ही सदस्य करेंगे। इसके बाद घर मालिकों को इनाम भी दिया जाएगा।

लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए 50 हजार हरित घर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित घरों के परिवार वालों को पौधरोपण, बिजली-पानी के सही इस्तेमाल के मानक तय किए गए हैं। इसके तहत पानी घर में ही रिसाइकिल करने, कचरे से खाद बनाने, पक्षी घर बनाने, घर में पंचवटी यानी परिवार के हर सदस्य की ओर से पौधरोपण और ऊर्जा बचाने का काम किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि छत्तीसगढ़ समिति के राज्य संयोजक डा. अनिल कुमार बताते हैं कि इसके लिए समिति के पर्यवेक्षक चयनित घरों का मूल्यांकन कर विजेता का चयन करेंगे। मूल्यांकन के लिए पांच मानक बनाए गए हैं।

