छत्तीसगढ़

विधानसभा परिसर बना लोकतंत्र की पाठशाला, शकुंतला विद्यालय के विद्यार्थियों ने देखी सदन की कार्यवाही

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से विद्यार्थियों ने की भेंट, संसदीय परंपराओं की मिली जानकारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा का पावस सत्र मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र की पाठशाला बन गया। भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं के दल ने विधानसभा परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया और सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संसदीय परंपराओं को करीब से समझा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता की आकांक्षाओं को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सदन तक पहुंचाने और जनहित में निर्णय लेने की सतत प्रक्रिया है। विधानसभा में जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा होती है तथा जनता के कल्याण के लिए नीतियां और कानून बनाए जाते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझने, संविधान के प्रति सम्मान विकसित करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक रिकेश सेन भी उपस्थित रहे।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा से विधानसभा की कार्यवाही देखी। उन्होंने प्रश्नकाल, विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चाओं और संसदीय प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा। विद्यार्थियों को विधानसभा भवन की संरचना, सदन की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधियों की भूमिका के प्रति उनकी समझ और अधिक व्यापक हुई है।

Related Articles

Back to top button