छत्तीसगढ़

Cg News: रायपुर कलेक्टर का मंदिर हसौद नगर पालिका में औचक निरीक्षण, अध्यक्ष ने उठाए गंभीर मुद्दे

मंदिर हसौद। नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद में आज रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह के औचक निरीक्षण से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी ने कलेक्टर से नगर की कई ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और त्वरित समाधान की मांग रखी।

अध्यक्ष चतुर्वेदी ने नगर में लंबे समय से बनी पेयजल संकट, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में लापरवाही, स्वच्छता व्यवस्था की कमी तथा पालिका कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन न मिलने जैसी गंभीर स्थितियों की ओर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इसे गम्भीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए तत्काल सुधार की आवश्यकता जताई।

इसके साथ ही अध्यक्ष ने नगर पालिका मंदिर हसौद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती पूजा पिल्ले पर कथित मनमानी और तानाशाही कार्यशैली अपनाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई।

कलेक्टर गौरव सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका कार्यालय, रिकॉर्ड और संबंधित व्यवस्थाओं की भी मौके पर जांच की।

नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि प्रशासनिक दखल के बाद अब लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा और नगर में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button