मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS बने अधिकारियों ने की मुलाकात

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य प्रशासनिक सेवा और एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि व्यापक जनसेवा का अवसर भी है। यह पद प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा करता है।
उन्होंने कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों की प्रतिबद्धता और सक्रिय भूमिका से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर IAS में नियुक्त तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार टिकरिहा, ऋषभ पाराशर और तरुण किरण उपस्थित रहे।

