छत्तीसगढ़बिग ब्रेकिंगभारत

ब्रेकिंग: भाजपा ने आठ राज्यों में राज्यसभा प्रत्याशियों की घोषणा, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को मौका

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए आठ राज्यों में अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उम्मीदवारों के नामों को अंतिम स्वीकृति दी गई है।

छत्तीसगढ़ से पार्टी ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। लक्ष्मी वर्मा वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। संगठन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।

आठ राज्यों में उम्मीदवारों की सूची जारी
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी सूची के अनुसार बिहार, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित आठ राज्यों में उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। आधिकारिक पत्र में बताया गया है कि यह निर्णय राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ा सियासी तापमान
छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। संगठन में उनकी सक्रियता, महिला मोर्चा और सामाजिक मुद्दों पर मुखर भूमिका के कारण उन्हें एक मजबूत दावेदार माना जा रहा था। महिला आयोग की सदस्य के रूप में भी उन्होंने कई संवेदनशील मामलों में सक्रिय हस्तक्षेप किया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के तहत यह निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश में महिला मतदाताओं के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा।

आधिकारिक मुहर के साथ जारी हुई सूची
नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं। सूची जारी होते ही विभिन्न राज्यों में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अब सभी की निगाहें आगामी नामांकन प्रक्रिया और चुनावी गणित पर टिकी हैं। छत्तीसगढ़ में लक्ष्मी वर्मा की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button