आपातकाल की यादों के बीच लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, साय बोले- नई पीढ़ी को जानना होगा संघर्ष का इतिहास

रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आपातकाल स्मृति दिवस पर आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष पर आधारित स्मारिका “आपातकाल के योद्धा” का विमोचन किया और राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है तथा आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का ऐसा अध्याय है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। मुख्य वक्ता इंद्रेश कुमार ने लोकतंत्र, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से “राष्ट्र प्रथम” की भावना अपनाने का आह्वान किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आपातकाल हमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों का सम्मान किया गया तथा आपातकाल विषयक निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।