
नई दिल्ली : नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन के पक्ष में 37 सेट नॉमिनेशन पेपर फाइल किए गए। बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के नाम का प्रस्ताव करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल थे। सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए।
नितिन नवीन बिहार के एक अनुभवी नेता और पार्टी के मजबूत संगठनकर्ता माने जाते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पहली बार बिहार विधानसभा में कदम रखा था। हाल ही में उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
आज संभालेंगे पदभार
पार्टी सूत्रों के अनुसार नितिन नबीन 20 जनवरी को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें शीर्ष नेतृत्व के शामिल होने की संभावना है।
सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्षों में शामिल हो गए हैं। वे बिहार में पांच बार विधायक रह चुके हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को मिलने वाली सुविधाएं
भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कोई सरकारी पद नहीं होता, इसलिए सरकार की ओर से वेतन नहीं मिलता। हालांकि पार्टी की ओर से उन्हें मानदेय, दिल्ली में आधिकारिक आवास, कार्यालय, निजी स्टाफ, वाहन और यात्रा संबंधी सुविधाएं दी जाती हैं। पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों का पूरा खर्च भाजपा वहन करती है।
Z श्रेणी की सुरक्षा
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इस सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित कमांडो, एस्कॉर्ट वाहन और चौबीसों घंटे सुरक्षा शामिल है।
पार्टी में नई ऊर्जा की उम्मीद
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने से संगठन में नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व को मजबूती मिलेगी। आगामी चुनावों को देखते हुए उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को और मजबूत करने पर जोर देगी।
