छत्तीसगढ़बिग ब्रेकिंगमनोरंजन

फसल बेचकर बनवाई सूर्यकुमार यादव की 4 क्विंटल की मूर्ति, 1300 किमी सफर कर बालोद से मुंबई पहुंचा फैन

जन्मदिन पर किसान लोकेंद्र साहू ने भारतीय क्रिकेटर को दी आदमकद प्रतिमा, करीब 2 लाख रुपये किए खर्च

बालोद: भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के प्रति छत्तीसगढ़ के एक किसान की दीवानगी इन दिनों चर्चा में है। बालोद जिले के क्रिकेट प्रेमी किसान लोकेंद्र कुमार साहू ने अपने पसंदीदा क्रिकेटर को जन्मदिन पर खास तोहफा देने के लिए अपनी फसल बेचकर करीब 2 लाख रुपये खर्च किए और सूर्यकुमार यादव की आदमकद सीमेंट की मूर्ति तैयार करवाई। इसके बाद करीब 4 क्विंटल वजनी इस मूर्ति को लेकर वे बालोद से मुंबई तक लगभग 1300 किलोमीटर का सड़क सफर तय कर क्रिकेटर के घर पहुंचे।

लोकेंद्र 13 सितंबर को पिकअप वाहन से बालोद से मुंबई के लिए रवाना हुए थे। लंबा सफर तय करने के बाद वे 14 सितंबर को मुंबई पहुंचे। इसी दिन सूर्यकुमार यादव का जन्मदिन था। लोकेंद्र ने क्रिकेटर से मुलाकात कर उन्हें उनकी आदमकद प्रतिमा भेंट की।

लोकेंद्र के मुताबिक, वे सूर्यकुमार यादव के खेल के साथ-साथ उनके सामाजिक सरोकारों से भी प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि एशिया कप के दौरान सूर्यकुमार यादव द्वारा शहीद परिवारों की मदद किए जाने की जानकारी से वे काफी प्रभावित हुए। इसी भावना से उन्होंने अपने स्तर पर क्रिकेटर के लिए यह विशेष उपहार तैयार कराने का निर्णय लिया।

मूर्ति तैयार कराने के बाद उसे बालोद से मुंबई तक ले जाना भी लोकेंद्र के लिए आसान नहीं था। करीब 4 क्विंटल वजन वाली सीमेंट की प्रतिमा को पिकअप वाहन में लेकर उन्होंने लगभग 1300 किलोमीटर की दूरी तय की और सूर्यकुमार यादव तक अपना तोहफा पहुंचाया।

मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव ने मूर्ति को गौर से देखा और इसकी बारीकियों की तारीफ की। उन्होंने लोकेंद्र से कहा, “बिल्कुल हाइट और चेहरे और सभी बारीकियां अच्छे पकड़े हो, बहुत धन्यवाद।” सूर्यकुमार ने छत्तीसगढ़ आने की बात भी कही और कहा, “छत्तीसगढ़ भी जल्द आएंगे।”

 

सूर्यकुमार यादव के लिए किसान फैन का यह अनोखा तोहफा अब चर्चा का विषय बना हुआ है। लोकेंद्र का कहना है कि उनके लिए यह महज एक मूर्ति नहीं, बल्कि अपने पसंदीदा खिलाड़ी के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करने का माध्यम है।

Related Articles

Back to top button