
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में भागीदारी से पहले भारतीय वायु सेना के सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल के सदस्यों ने रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दल के सदस्यों ने अपनी गौरवपूर्ण यात्रा, उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायु सेना की व्यावसायिक दक्षता के प्रदर्शन में अपनी भूमिका की जानकारी साझा की।
मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा, मानवीय सहायता और आपदा राहत के क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के योगदान पर भी चर्चा हुई। राज्योत्सव में सारंग दल की भागीदारी से प्रदेशवासियों, विशेषकर विद्यार्थियों और विमानन में रुचि रखने वाले युवाओं को वायु सेना के सटीक उड़ान कौशल और टीम भावना को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

सारंग दल स्वदेश में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ का संचालन करता है। दल अपने समन्वित उड़ान विन्यास, सटीक उड़ान कौशल और रोमांचक हवाई करतबों के लिए प्रसिद्ध है। इसका ध्येय वाक्य ‘Inspire Through Excellence’ यानी ‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ है। दल युवाओं में विमानन के प्रति रुचि जगाने और उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास करता है।
राज्योत्सव 2026 में सारंग दल की भागीदारी राज्य के स्थापना दिवस समारोह में विशेष हवाई आकर्षण जोड़ेगी। साथ ही, यह भारतीय वायु सेना की क्षमताओं और स्वदेशी विमानन प्रौद्योगिकी को प्रदर्शित करने तथा वायु सेना और छत्तीसगढ़ की जनता के बीच संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।
2 नवंबर को सेंध लेक के आसमान में दिखेगा रोमांच
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर समन्वित उड़ान, आकर्षक संरचनाओं और रोमांचक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
सारंग टीम अपने हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल, नियंत्रित उड़ान और एक साथ बदलती हवाई संरचनाओं के लिए जानी जाती है। एयर शो के माध्यम से दर्शकों को भारतीय वायु सेना की परिचालन दक्षता और आधुनिक विमानन तकनीक को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट शामिल हैं। पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से टीम आसमान में विभिन्न समन्वित संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में भागीदारी को टीम के लिए गर्व और सम्मान का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सारंग टीम देश-विदेश में अपने हवाई प्रदर्शनों के माध्यम से भारतीय वायु सेना के कौशल, अनुशासन और उत्कृष्टता का परिचय देती रही है।
उन्होंने बताया कि टीम का उद्देश्य केवल रोमांचक हवाई प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि युवाओं में साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने युवाओं से अपने सपनों पर विश्वास रखने और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।
स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों से प्रदर्शित होगी तकनीकी क्षमता
भारतीय वायु सेना की सारंग टीम स्वदेश में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है। टीम की पहचान उसके आकर्षक रंग संयोजन, सटीक उड़ान कौशल और उत्कृष्ट सामूहिक समन्वय से है। इसके हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है।
सारंग टीम का ध्येय वाक्य ‘Inspire Through Excellence’ यानी ‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में टीम अपने प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता, तकनीकी क्षमता और सामूहिक कार्यकुशलता को प्रदर्शित करती है।
महिला पायलटों की भागीदारी से बेटियों को मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टीम में दो महिला पायलटों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाती है। स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने और नए अवसरों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का उत्सव है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान विकसित होता है।
नवा रायपुर में होने वाला यह एयर शो प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के साहस और उत्कृष्ट उड़ान कौशल से रूबरू कराएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास तथा प्रेस अधिकारी आलोक सिंह उपस्थित थे।
