ऑपरेशन सिंदूर” की पहली वर्षगांठ: CM विष्णुदेव साय बोले – नया भारत अब आतंक का जवाब घर में घुसकर देता है

रायपुर: विष्णु देव साय ने “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ पर देश के वीर सैनिकों को नमन करते हुए इसे “नए भारत की शक्ति, संकल्प और साहस का प्रतीक” बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष पूर्व पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था, लेकिन भारत ने जिस निर्णायक कार्रवाई से जवाब दिया, उसने दुनिया को स्पष्ट संदेश दे दिया कि अब भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” केवल एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह भारत की अटूट इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास का प्रखर उद्घोष था। उन्होंने कहा कि अब भारत चुपचाप सहने वाला राष्ट्र नहीं रहा, बल्कि अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए हर स्तर पर कठोर और निर्णायक प्रतिकार करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने जिस सटीक रणनीति, अदम्य साहस और आधुनिक युद्ध कौशल का परिचय दिया, उसने वैश्विक मंच पर भारत की सैन्य क्षमता और मजबूत नेतृत्व की नई पहचान बनाई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश ने आतंकवाद के खिलाफ “शून्य सहिष्णुता” की नीति को केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे युद्धभूमि में सिद्ध कर दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना की संयुक्त शक्ति, अत्याधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर रक्षा व्यवस्था ने यह साबित कर दिया है कि नया भारत केवल प्रतिक्रिया नहीं देता, बल्कि निर्णायक और प्रभावशाली जवाब देता है।
https://x.com/i/status/2052284478643663056

उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” में शामिल सभी वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके पराक्रम ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊँचा किया है। साथ ही पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले पर्यटकों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने “जय हिंद की सेना”, “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ देशवासियों से राष्ट्र की एकता और सुरक्षा के लिए सदैव सजग रहने का आह्वान किया।