राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को मुरिया दरबार में होंगी शामिल: मुख्यमंत्री साय
22 और 23 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति

- नक्सल हिंसा प्रभावितों को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद कर रही सरकार; अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में महिला दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का बस्तर आगमन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। राष्ट्रपति का 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचकर मुरिया दरबार में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति को बस्तर आने का आमंत्रण दिया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया था।
मुख्यमंत्री साय ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ सकें। केंद्रीय गृह मंत्री के संबोधन से प्रभावित लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को भी प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।