महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी, 67.20 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹630.55 करोड़
अब तक योजना के तहत महिलाओं को ₹19,444.33 करोड़ का भुगतान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा- आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ रही महिलाएं

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी कर दी है। इस किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 माताओं-बहनों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से ₹630.55 करोड़ की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। योजना के अंतर्गत अब तक कुल ₹19,444.33 करोड़ की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना की राशि का उपयोग महिलाएं अपनी जरूरतों और परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अलग-अलग तरीकों से कर रही हैं। कई महिलाएं अपनी बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में खाते खुलवाकर राशि जमा कर रही हैं। वहीं कुछ महिलाएं सिलाई मशीन खरीदकर सिलाई-कढ़ाई जैसे कार्यों के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम भी बन रही है।
महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता मिलने से उनके व्यक्तिगत खर्च, बचत और छोटे स्वरोजगार से जुड़े निर्णयों में भी भागीदारी बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।